चिंतपूर्णी,विकास-: मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि की कामना की। इस दौरे का उद्देश्य केंद्र की प्रसाद योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में हो रहे विस्तार कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य उच्च मानकों के अनुरूप हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण और संपत्ति हस्तांतरण की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं जैसे विशाल प्रतीक्षा कक्ष, सुगम दर्शन व्यवस्था और बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने बताया कि मंदिर को दक्षिण भारत के प्रसिद्ध मंदिरों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को भीड़ और अव्यवस्था से राहत मिलेगी। साथ ही, इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
