मंडी:धर्मवीर (TSN)-18 वीं लोकसभा के लिए सात चरणों में हुए मतदान की प्रक्रिया 1 जून को पूरी हो चुकी है। 4 जून यानी कल ईवीएम में कैद मतों की गणना की जाएगी। सुबह 8 बजे से सभी मतदान केन्दों पर मत करना शुरू हो जाएगी। जिससे कुछ देर बाद चुनावी रुझान भी सामने आने शुरू हो जाएंगे। चुनाव आयोग द्वारा मतगणना को लेकर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
हरेक मतगणना केंद्र पर 5 काउंटिंग पर्यवेक्षक की होगी तैनाती
मंडी जिला की बात करें तो चार केंद्रों पर ईवीएम में बंद वोटों की गणना की जाएगी।हरेक मतगणना केंद्र के लिए पांच काउंटिंग पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी में 10 विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की मतगणना की जाएगी। एक विधानसभा के लिए चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार 8 से 14 टेबल लगाए गए हैं। वहीं इसके अलावा मंडी संसदीय क्षेत्र के पोस्टल बैलेट की गणना मुख्यालय निर्वाचन अधिकारी मंडी में ही की जाएगी। जिसमें ईटीपीबीएस कंप्यूटर स्कैनिंग के लिए 30 टेबल व पोस्टल बैलेट के मतों की गणना के लिए 25 टेबल लगाए जाएंगे।
जिला मंडी के चार स्ट्रांग रूम तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में, सीसीटीवी से भी निगरानी
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मशीनें स्ट्रांग रूम में तीन स्तरीय घेरे में रखा गया है।जिला में चार स्ट्रांग रूम स्थापित हैं,जिनमें सीसीटीवी कैमरा से भी निगरानी की जा रही है। पहला स्ट्रांग रूम मंडी के वल्लभ कॉलेज में है, जहां पर मंडी और बल्ह क्षेत्र की मशीनें रखी गई हैं। दूसरा स्ट्रांग रूम सुंदरनगर में है जहां पर सुंदरनगर, नाचन, सिराज और करसोग क्षेत्र की मशीनें हैं। तीसरा स्ट्रांग रूम सरकाघाट में है जहां सरकाघाट और धर्मपुर की मशीनें रखी गई है। जबकि चौथा स्ट्रांग रूम जोगिंद्रनगर में है जहां पर जोगिंद्रनगर और द्रंग विधानसभा क्षेत्रों की मशीनें रखी गई हैं। बता दें की 1 जून को हुए मतदान में मंडी संसदीय क्षेत्र से 1377173 मतदाताओं में से 997373 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। इसके अलावा सर्विस वोटरों की संख्या 13113 है। मंडी संसदीय सीट पर इस समय कुल 10 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद है। मत प्रतिशत की बात करें तो इस सीट पर इस बार 73.12 फीसदी रहा है।
