अनिल कुमार,किन्नौर: देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी देश के अंदर हर विधानसभा, लोकसभा, पंचायती राज चुनावों में अपने मत के प्रयोग करने के लिए लोगो को प्रेरित करते है और उन्होंने अब तक हर चुनावों में अपने मत का प्रयोग किया है ओर 2022 के चुनावों में भी वो मतदान केंद्र पर जाकर अपने मत का प्रयोग करेंगे।
श्याम सरन नेगी ने वर्ष 1951 के अक्टूबर माह में अपने मत का पहली बार प्रयोग किया था। तब वे किन्नौर के मूरंग स्कूल में बतौर अध्यापक थे और उनकी ड्यूटी चुनावों में चुनाव कर्मी के रूप में लगी थी और ऐसी परिस्थिति में भी उन्होंने शौंग ठोंग नामक स्थान से कल्पा करीब 25 किलोमीटर की दूरी पैदल यात्रा कर सुबह साढ़े छः बजे कल्पा पहुंचने के बाद बूथ नंबर 50-51 में अपने मत का पहली बार प्रयोग किया था।
देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी ने कहा कि देश के अंदर राज महाराजा अंग्रेजो की गुलामी से देश ने आजादी पाई जिसके बाद देश विकसित हुआ और आज देश मे राज तंत्र समाप्त हुआ है। अब लोकतंत्र में जनता क़ा राज आया है जिसमें हर व्यक्ति को अपने पसंदीदा नेता चुनने का अधिकार है और यह हर पांच वर्ष में आता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने 1951 में पहली बार अपने मत क़ा प्रयोग किया और अब तक उन्होंने किसी भी चुनावों में अपने मत का प्रयोग करना नहीं छोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनावों में उनका यह 14वीं मर्तबा अपने मत का प्रयोग करेंगे और वे इस विधानसभा चुनावों में अपने मत के लिए उत्सुक है।
उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनावों में वे अपने स्वास्थ्य के हिसाब से अपने मत के प्रयोग करेंगे क्योंकि उन्हें आंखों से कम दिखाई दे रहा है और हाथ पैरों में अकड़न से भी दिक्क़ते पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि अब वे इस बार विधानसभा चुनावों में मतदान के लिए उत्सुक है और लोकतंत्र के महापर्व को मनाने के लिए तैयार है।
