मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी में हुए गोलीकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि जिस व्यक्ति को गोली मारी गई थी उसने जब पुलिस से मदद मांगी तो पुलिस ने उसे अस्पताल जाने की सलाह दी। इससे पता चलता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की क्या हालत हो गई है।दिन दिहाड़े गोलियां चलाई जा रही हैं।खुद कांग्रेस के नेता भी सुरक्षित नहीं है।प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है और प्रदेश के मुखिया का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। मंडी गोलीकांड के आरोपी अभी तक नहीं पकड़े जा सकें हैं जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है।
हजारों की संख्या में लोग शिमला पहुंचकर सरकार के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा
राकेश जम्वाल ने बताया कि प्रदेश सरकार के सवा दो वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में सिर्फ माफिया राज बढ़ा है।चहेतों को लाभ पहुंचाने के ही प्रयास हुए हैं जबकि विकास के सभी कार्य पूरी तरह से ठप्प पड़े हुए हैं।भाजपा ने सरकार की इन कारगुजारियों को हर मंच पर उठाया है।अब सरकार की विफलताओं और प्रदेश में बढ़ते गुंडाराज को लेकर आने वाली 27 मार्च को शिमला में विधानसभा के बाहर भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन करने जा रही है।इसमें प्रदेश के हजारों कार्यकर्ता भाग लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी आवाज को बुलंद करेंगे।इस मौके पर उनके साथ मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा,नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट और अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
