बिलासपुर: प्रदेश में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह नुकसान लोगों को झेलना रहा है। बारिश की वजह से जिला बिलासपुर में पंचायत कुहमझवाड़ में लाखों का नुकसान बादल फटने से हुआ है और नुकसान से बहुत से लोग प्रभावित हुए हैं लेकिन अभी तक ना तो इस नुकसान का आंकलन किया गया है और ना ही प्रभावित लोगों को मुआवजा सरकार की ओर से मुहैया करवाया गया है। ऐसे में सरकार की नियत साफ दिख रही है कि सरकार इस तरह के मामलों को लेकर कितनी गंभीर है। सरकार पर यह आरोप जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने लगाए है।
उनका कहना है कि आपदा प्रबंधन बोर्ड उपाध्यक्ष जिला बिलासपुर से ही संबधित हैं लेकिन जिला में आपदा के चलते हुए नुकसान का जायजा नहीं ले पा रहे हैं। इससे सरकार की नीयत और नीति का पता चलता है। आशीष ठाकुर ने कहा कि बादल फटने के चलते उनकी गृह पंचायत कुहमझवाड़ में लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं, अभी हाल ही में धाड़त गांव में भी नुकसान हुआ। लगातार पंचायत में इस तरह की
घटनाएं हो रही है जिससे कि कृषि योग्य भूमि बर्बाद हो चुकी है। फसलें बर्बाद हुई हैं। ऐसे में चलते सरकार, प्रशासन को अन्य प्रभावितों को भी नुकसान का मुआवजा देना चाहिए लेकिन अभी तक यह नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को इस बात का सर्वे भू-वैज्ञानिकों से करवाना चाहिए कि इस पंचायत में ही इस तरह के हादसे क्यों घट रहे है,लेकिन सरकार इस मामले में गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने आग्रह किया है कि सरकार, प्रशासन की ओर से पीडि़त प्रभावितों को जिनकी जमीनें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं उन्हें अन्य स्थानों पर जमीनें मुहैया करवाई जाए ताकि पीड़ित परिवारों को सुविधा मिल सके।
