अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश सरकार की ओर से पूर्व भाजपा सरकार के समय में प्रदेश में 1 अप्रैल 2022 के बाद खोले गए संस्थानों और कार्यालयों को बंद करने का काम किया जा रहा हैं। अब सरकार के इस फैसले के विरोध में भाजपा नेता उतर आए हैं ओर लगातार इसका विरोध पूर्व मुख्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं की ओर से जताया जा रहा हैं। भाजपा नेताओं की ओर से जताए जा रहे इस विरोध पर पलटवार प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता की ओर से किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने मीडिया को जारी ब्यान में भाजपा नेताओं की ओर से कांग्रेस सरकार की आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा हैं कि 75 हजार करोड़ रूपए का कर्ज तोहफ़े में छोड़ने वाली भाजपा सरकार के नेताओं को राजनीतिक लाभ लेने के नजरिए से बिना बजट खोले गए कार्यालयों ओर संस्थानों को बंद करने के फैसले के ऊपर टिप्पणियां करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस पार्टी सरकार एवं मुख्यमंत्री के फैसलों का स्वागत करती है। कौशल ने कहा कि बिजली बोर्ड लगभग 2000 करोड़ के घाटे में है और कर्मचारियों को वेतन देने में भी बोर्ड को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ऐसे में वोटों की राजनीति के मद्देनजर खोले गए कार्यालयों और संस्थानों की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने के प्रदेश सरकर के दृष्टिकोण का पार्टी समर्थन और स्वागत करती हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जरूरत,जनहित और प्रदेश की माली हालत को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में पार्टी सरकार एवं मुख्यमंत्री से नए संस्थान और कार्यालय खोलने के साथ-साथ मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को और सुदृढ़ करने का अनुरोध करेगी ताकि स्वास्थ्य,शिक्षा, विद्युत,पीने के पानी इत्यादि सेवाओं को और सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाया जा सके। प्रेम कौशल ने कहा कि यदि भाजपा की ओर से किए गए कार्यों का जनता में प्रभाव होता तो प्रदेश की जनता उन्हें सत्ता से बाहर नहीं करती।
शायद नमस्ते ट्रम्प की नौटंकी भूल गए हैं भाजपा नेता
रणधीर शर्मा मुख्यमंत्री के करोना पॉजिटिव होने को राजस्थान से लाया तोहफा कहने पर प्रतिक्रिया देते हुए कौशल ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता ने इस विषय में बहुत हल्की टिप्पणी की है और वह शायद नमस्ते ट्रंम्प की नौटंकी को भूल गए हैं।
