नाहन (देवेन्द्र कुमार): हर साल की तरह इस वर्ष भी नाहन शहर में गणपति उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को हिंदू आश्रम से गणपति महाराज की विसर्जन यात्रा शहर का भ्रमण करने के बाद पोंटा साहिब के लिए रवाना हुई। नवयुवक मंडल नाहन के प्रधान आमिल अग्रवाल ने बताया कि 30 अगस्त को गणपति महाराज किस शहर में शोभायात्रा निकाली गई थी। 31 अगस्त और 1 सितंबर को हिंदू आश्रम नाहन में गणेश उत्सव को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें शहर के हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गणेश जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि आज हिंदू आश्रम से गणपति महाराज की विसर्जन यात्रा शुरू की गई है जो शहर का भ्रमण करने के बाद पोंटा साहिब के लिए रवाना हुई। पांवटा साहिब स्थित यमुना नदी में शाम 3:30 बजे गणपति जी महाराज का पूर्ण विधि-विधान से विसर्जन किया गया। नवयुवक मंडल नाहन द्वारा यह गणपति उत्सव सातवीं बार मनाया गया। हालांकि कोविड-19 के दौरान पिछले 2 वर्षों में यह उत्सव सूक्ष्म रुप से घरों में मनाया गया था।
