Shimla, Sanju-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को हिमाचल प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस अवसर पर सभी उपमंडलों और शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष योग सत्र आयोजित करेगी।
आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा ने कहा कि योग आज के तनावपूर्ण जीवन में मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए बेहद आवश्यक है।उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को फिट रखता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है। धर्मशाला में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश भर के अधिकारी, योग विशेषज्ञ, विद्यार्थी, स्थानीय नागरिक और आयुष विभाग के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा, अन्य उपमंडल मुख्यालयों पर भी स्थानीय प्रशासन की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री गोमा ने आम नागरिकों से अपील की कि वे 21 जून को इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और योग को अपने जीवन में नियमित रूप से अपनाएं।
