सचिन शर्मा, मनाली: हिमाचल एक पर्यटन स्थल है। वर्ष भर पर्यटकों का तांता लगा रहता है। शिमला के माल रोड के साथ ही मनाली का माल रोड भी पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण सैरगाह है। ऐसे में अब जल्द ही पर्यटकों को मालानी का माल रोड नए रूप में नज़र आएगा। दरअसल इस माल रोड का सौंदर्य करण नगर परिषद मनाली की ओर से किया जा रहा है। 85 लाख रुपए की लागत से इस माल रोड को सजाया जाएगा। कार्य जल्द शुरू हो सके इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर ने बताया कि शहर में माल रोड पर जहां इको फ्रेंडली बैंच लगाए जाएंगे वहीं पर्यटकों को बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होने कहा कि सभी कार्यों को मंत्री गोविंद ठाकुर के सहयोग से धरातल पर उतारा जाएगा सौंदर्यकरण के कार्य को लेकर आइबेक्स चौक से पुलिस स्टेशन तक नाली बनाने को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
चमन कपूर ने कहा कि मनाली के प्रवेश द्वार से आइबेक्स चौक तक सड़क की हालत सुधारी जाएगी। नाले में आई बाढ़ से पुलिस स्टेशन के पास सड़क को भारी नुकसान हुआ है। मनाली के प्रवेश द्वार की सड़क भी बह गई है, हाल ही में ठेकेदार ने काम भी शुरु कर दिया था लेकिन नाले में बाढ़ आने से फिर से ठेकेदार को ढाई लाख का नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस स्टेशन के पास नाले में डाले गए लेंटर को तोड़ा जाएगा और तटीय करण के साथ- साथ लोहे का फुटपाथ बनाया जाएगा। तंग नाले को चौड़ा। किया जाएगा ताकि बाढ़ आने की सूरत में नुकसान न हो। चमन कपूर ने कहा कि माल रोड को कूड़ादान रहित बनाने के प्रयास किए जाएंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए कुछ चिन्हित स्थानों पर ही इको फ्रेंडली कूड़ेदान लगाए जाएंगे।
