नाहन : देवेंद्र कुमार – कृषि उत्पादों पर बैरियर पर लिए जा रहे है टैक्स को लेकर हिमाचल किसान सभा खंड कमेटी नाहन ने सहायक आयुक्त को मांग पत्र सौंपा। जिसमें कृषि उत्पादों पर लिए जा रहे टैक्स को हटाने की मांग की गई।
पहले भी किसान सभा के हस्तक्षेप पर कृषि उत्पादों पर बंद हुआ था टैक्स
हिमाचल किसान सभा जिला सिरमौर के महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि वस्तु सेवा कर विभाग द्वारा काला अंब और पोंटा साहिब के माजरी में किसानों से कृषि उत्पादों के लाने और ले जाने पर टैक्स लिया जा रहा है। यहां के किसान खेती-बाड़ी के साथ-साथ पशुपालन का कार्य भी करते हैं जिनके लिए अधिकतर चारा हरियाणा से आता है जिस पर विभाग द्वारा टैक्स वसूला जा रहा है। इसके अलावा हिमाचल के किसान अपना उत्पाद हरियाणा में बेचने जाते हैं और वापस आते हुए खाली ट्रैक्टर से भी टैक्स लिया जा रहा है जो कि किसानों के साथ अन्याय है।
राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भी बैरियर पर इस तरह के टैक्स दिए जाते थे जो हिमाचल किसान सभा के हस्तक्षेप के बाद बंद कर दिए गए थे। हिमाचल किसान सभा ने विभाग से आग्रह करते हुए कहा कि विभाग अपने फैसले को तुरंत वापस लें और कृषि व पशुपालन से संबंधित उत्पादों तथा सीमा पार से पशु इत्यादि लाने वाले वाहन से टैक्स न वसूल जाए। यदि विभाग ने किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया तो किसान सभा ने आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
