संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश के वितीय हालातों को लेकर श्वेत पत्र लाने पर शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से इस संबंध में कैबिनेट उप-समिति का गठन किया गया हैं, जिसमें कृषि मंत्री चंद्र कुमार और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को इसका सदस्य बनाया गया हैं। शुक्रवार को हुई इस बैठक में मंत्री चंद्र कुमार उपस्थित नहीं रहे।
बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान वितीय कुप्रबंधन रहा,जिसकी वजह से कर्ज का पहाड़ खड़ा हो गया हैं। पिछली सरकार की गलत नीतियों की वजह से प्रदेश ओवर ड्राफ्ट हो गया हैं। वर्तमान सरकार पिछले सरकार के कर्ज की भरपाई के लिए कर्ज ले रही हैं। उन्होंने कहा कि जय राम सरकार गलत आंकड़े पेश करती रही और प्रदेश पर कर्ज बढ़ता रहा।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यह कैबिनेट सब कमेटी दो ओर बैठक आयोजित करेगी और एक माह में अपनी रिपोर्ट कैबिनेट में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
