Mandi, Dharamveer-मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बिजनी-मंडी फोरलेन टनल के समीप वीरवार रात दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सूरज पटियाल निवासी अरहड़ा के रूप में हुई है, जो छह बहनों का इकलौता भाई था। हादसा उस समय हुआ जब सूरज रात करीब आठ बजे पानी पीने के लिए टनल के पास रुका हुआ था। इसी दौरान एक हाइड्रा मशीन ने पीछे करते हुए उसे कुचल दिया।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सूरज को तुरंत मंडी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान सूरज ने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।घटना के बाद पुलिस के मौके पर देर से पहुंचने और कंपनी प्रबंधन व ठेकेदार के न आने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मौके पर प्रदर्शन कर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि हाइड्रा मशीन के पीछे किसी सहयोगी की मौजूदगी नहीं थी, जो एक बड़ी चूक मानी जा रही है।
मृतक सूरज की दो साल पहले शादी हुई थी और उसका नौ माह का एक बेटा है। हादसे ने न सिर्फ परिवार को गहरा सदमा दिया है, बल्कि छह बहनों से उनका भाई भी छीन लिया। अगले महीने रक्षा बंधन है, लेकिन अब बहनों की राखी अधूरी रह जाएगी।शुक्रवार को सूरज का अंतिम संस्कार मंडी के हनुमानघाट पर किया गया।
एएसपी सागर चंद्र ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हाइड्रा ऑपरेटर हैपी, निवासी बटाला (पंजाब), के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
