मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला के कलौहड़ में पुलिस ने बंटी और बबली की जोड़ी वाले कार्यालय पर छापेमारी की है। यह जोड़ी पति-पत्नी की है और ये दोनों हिमाचल अनइंप्लॉयड सर्विस एसोसिएशन लिमिटेड के नाम से पार्टनरशिप में फर्म चला रहे थे।
इस फर्म के माध्यम से सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में नौकरियां देने के विज्ञापन निकाले जाते थे। अभी हालही में इन्होंने 539 पदों पर भर्तियां निकाली थी। जिसमें सरकारी और गैर सरकारी पदों के लिए परीक्षा आयोजित करने की बात कही गई थी। इस संदर्भ में किसी ने सुंदरनगर थाना में जाकर गुप्त सूचना दी और पुलिस ने उसी आधार पर आज कलौहड़ स्थित हिमाचल अनइंप्लॉयड सर्विस एसोसिएशन लिमिटेड के कार्यालय में छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान यह पुलिस को कोई भी ऐसा दस्तावेज नहीं दिखा पाए जिससे यह साबित होता हो कि सरकार या नीजि संस्थानों ने इन्हें पदों को भरने के लिए ऑथोराईज्ड किया हो।
डॉक्यूमेंट, मोबाइल और लैपटॉप किए सीज, दर्ज हुई एफआईआर
डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया कि दंपति के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कार्यालय में मौजूद सारे रिकार्ड, मोबाईल फोन और कंप्यूटर आदि को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अपनी प्रारंभिक जांच में पाया कि इस फर्म के पास रोजगार आवेदनों को लेकर परीक्षा लेने के लिए किसी भी प्रकार का योग्य स्टाफ और सुविधाएं नहीं है। इससे पूर्व आरोपियों द्वारा रोजगार देने को लेकर संबंधित दस्तावेज भी तलब किए गए हैं। डीएसपी दिनेश कुमार ने कहा कि मामले में पुलिस की जांच जारी है। मामले में सभी और कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह पता लगाया जाएगा कि अभी तक इन लोगों ने कितनी बार ऐसे विज्ञापन निकाले और कितने लोगों से पैसे ऐंठे हैं।
