अरविंदर सिंह,हमीरपुर: इन विधानसभा चुनावों में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से जनता ने मुझे आशीर्वाद दे कर विजेता बनाया हैं। अब मेरा लक्ष्य ओर पहली प्राथमिकता हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा करना है। 5 साल के लिए हमीरपुर की जनता ने मौका दिया हैं। इसके अलावा अन्य बातें बाद में सोची जाएंगी। यह बात हमीरपुर विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक आशीष शर्मा ने लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में कही।
आशीष शर्मा ने कहा कि अभी लोकसभा चुनाव लड़ने की उनकी कोई योजना नहीं हैं। वीरवार को नवनिर्वाचित विधायक आशीष शर्मा हमीरपुर बाजार में स्थानीय लोगों और व्यापारियों का आभार जताने के लिए पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने हर घर,हर दुकान में जाकर लोगों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उनका फूल मालाओं के साथ उनका यहां पर स्वागत किया। भोटा चौक से लेकर गांधी चौक तक हर दुकान में जाकर उन्होंने लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने कई जगह पर उन्हें सम्मानित भी किया।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में मुलाकात करने के विषय पर आशीष शर्मा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हमीरपुर जिला से मुख्यमंत्री चुने गए हैं । हमीरपुर की जनता के आशीर्वाद से जीत कर आए हैं और क्षेत्र की जनता की जन भावनाओं को देखते हुए ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पूरा समर्थन दिया है। आशीष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तरफ से पूर्ण विश्वास दिलाया गया है कि हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि वीरवार को वह हमीरपुर बाजार में हर घर हर दुकान में लोगों का आभार जताने के लिए पहुंचे थे। वह हमीरपुर की जनता के आभारी हैं जिन्होंने भारी बहुमत के साथ उन्हें जिताया है वह हर संभव प्रयास करेंगे कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर पाए।
