मंडी/परी शर्मा- मंडी के चौलचौक गांव में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी। शव की पहचान शुकरी देवी (60)पत्नी खेमू गाँव गदयाहड़ा (कोहलू) के रूप में हुई है। सवेरे सवेरे महिला का शव बरामद होने से चौलचौक बाजार में यह खबर आग की तरह फैल गई । जिससे आसपास के लोग घटनास्थल पर मौजूद हो गए।
मामले को लेकर पुलिस जाँच में जुटी
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी बलदेव सोनी ने बताया कि वे सुबह जब अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रहे थे, तो उनकी नजर घर से नीचे की ओर पड़ी तो देखा एक अज्ञात महिला नीचे गिरी हुई है। इसको लेकर बलदेव सोनी ने इसकी सूचना चौलचौक प्रधान को दी। यह घटना दो घरों के बीच मे बनी एक खाई में गिरने से हुई है। बताया जा रहा है कि महिला शुकरी देवी मानसिक रूप से बीमार रहती थी, जिसका चौलचौक बाजार के इर्दगिर्द इसका हर रोज घूमना रहता था। उसके पति खेमू का देहांत कुछ बर्षाे पूर्व ही हो चुका है। शुकरी देवी का एक बेटा है वह भी मानसिक रूप से बीमार रहता है। घटना की सुचना मिलते ही गोहर पुलिस मौके पर पहुंच गई है व मौत कैसे हुई इसकी छानवीन में जुट गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
