राकेश,ऊना: ऊना जिला के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल की ओर से बच्चे की मारपीट करने का मामला सामने आया है। जिस बच्चे की पिटाई की गई हैं उसे अभिभावकों की ओर से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। यहां बच्चे का इलाज चल रहा हैं। बच्चे के अभिभावकों की ओर से स्कूल के प्रिंसिपल पर अपने बच्चे की मारपीट करने का आरोप लगाया गया हैं। बच्चे के परिजनों आरोप है कि स्कूल में पानी की पाइप तोड़ने को लेकर प्रिंसिपल ने उनके बच्चे को मारा है।
स्कूल में जब बच्चे की पिटाई की गई तो बच्चा स्कूल से अन्य छात्रों की मदद से घर पहुंच गया,जहां आकर अभिभावकों को इस बात का पता चला इसके बाद रात के समय 108 एंबुलेंस की मदद से अभिभावक अपने बच्चे को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले आए। अब अस्पताल में बच्चे का इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि प्रिंसिपल ने उनके बच्चे की इतनी ज्यादा पिटाई की है कि बच्चा बार-बार बेहोश हो रहा है अब उसके होश में आने के बाद ही सारी स्थिति सपष्ट हो पाएगी।
बच्चे की माता और बच्चे के मामा ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चे को काफी गहरी चोटें आई है जिससे बच्चा बेहोश हो गया है। उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। बच्चे के परिजनों के मुताबिक अगर बच्चों की ओर से स्कूल में किसी प्रकार का कोई नुकसान किया गया था तो स्कूल प्रशासन उसकी भरपाई के लिए परिजनों को सूचना दे सकते था लेकिन उन्होंने ऐसा ना करते हुए बच्चे की पिटाई कर डाली।
परिजनों के मुताबिक 2 बच्चों की पिटाई की गई है जबकि दूसरा बच्चा कौन है इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने इस मामले में प्रिंसिपल के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू किए जाने का दावा किया है।
