बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – पुलिस विभाग अब शुक्रवार रात को हुई इस घटना की जांच कराएगा। लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गाज गिर सकती है। बता दें कि पुलिस रिमांड का पर भेजा गया चोरी का आरोपी शुक्रवार रात को पुलिस कर्मी को धक्का देकर फरार हो गया था। घटना के समय पुलिस आरोपी को खाना खिलाने के बाद वापस लॉकअप ले जा रही थी, तभी आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल को धक्का दिया और वहां से भाग गया। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
आरोपी अपने घर के पास संदौली जंगल से पकड़ा गया। आरोपी हैप्पी उर्फ अनिकेत (20) निवासी गांव संदौली डाकघर माकड़ी मारकंड बिलासपुर को बरमाणा थाना क्षेत्र में एक घर से लाखों रुपये के गहने चोरी आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद अदालत की ओर उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड अवधि के दौरान वह भाग गया। उधर, पुलिस प्रवक्ता डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि फरार आरोपी को पकड़ लिया गया है। मामले की अब जांच कराई जाएगी। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दृष्टि से रात्रि को पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी l
