बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – बिलासपुर जिले में शुक्रवार सुबह हुई बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी। बारिश के कारण नाले में आए पानी के तेज बहाव के चलते दधोल के नजदीक पुल के समीप खड़ी ऑल्टो कार बह गई। कार कुछ दूरी पर पुली पर जा अटकी। पानी इतना ज्यादा था कि कार पूरी तरह पानी में डूब गई थी। पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण यहां पर नई बनी सड़क तक धस गई। नाले का पानी इस कदर सड़क व पुल पर पहुंच गया कि दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। कोई भी वाहन चालक अपने वाहन वहां से नहीं ले जा पा रहे था।
लोगों का फूटा गुस्सा..सड़क को किया जाम
लोगों ने पुल पर सड़क निर्माण कर रही कम्पनी व प्रशासन के प्रति गुस्सा जाहिर कर सड़क को जाम कर दिया। स्थानीय लोग बारिश के दौरान सड़क के बीच बैठ गए। मौके पर पुलिस कर्मियों को पहुंचना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप करने के बाद सड़क बहाल हुई। पडयालग पंचायत के लड़ा गांव के सुशील ने बताया कि उसने अपनी आल्टो कार घर के नजदीक अपनी निजी भूमि में खड़ी की थी। लेकिन सड़क निर्माण के चलते अव्यवस्था इस कदर भारी पड़ी कि उनकी कार पूरी तरह बर्बाद हो गई व पुराने घर को भी खतरा बन गया है। कार मालिक सुशील ने बताया कि दधोल- लदरौर सम्पर्क सड़क का निर्माण कार्य चला है। जिसके चलते उनके घर के समीप नाले के पानी के लिए नई पुली का निर्माण हुआ। नई पुली के निर्माण के दौरान जो पुरानी पुली थी उसने पूरी तरह से उखाड़ा नही गया जिस कारण नाले का पानी सीधा उनकी भूमि में पहुंच गया। नाले के पानी के साथ उनकी कार भी बह गई। कार नई पुली के पास जा अटकी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैठ कर सड़क को बन्द कर दिया। दो घण्टे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्होंने उचित कार्यवाही का भरोसा देते हुए सड़क को खुलवाया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की । घटना के चलते परिवार के बच्चे रोते देखे गए। स्थानीय लोगों ने जमकर इस अव्यवस्था के खिलाफ रोष जाहिर किया। लोगों ने कहा कि समय रहते अगर यहां पर कंपनी ने ध्यान दिया होता और पुरानी पुली को तोड़ दिया होता तो लाखों का नुकसान होने से बच जाता।
