अरविंदर सिंह,हमीरपुर: कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह की ओर से राम मंदिर और भगवान राम को लेकर कहे गए शब्दों की हमीरपुर भाजपा जिला महिला मोर्चा की और से कड़ी निंदा की गई है। हमीरपुर में भाजपा जिला महिला मोर्चा सोशल मीडिया प्रमुख वाटिका सूद ने कहा कि मर्यादा पुरषोत्तम श्री राम चंद्र एवं हमारे आस्था केंद्र श्री राम मंदिर को लेकर प्रतिभा सिंह की ओर से जो बयान दिया गया है भाजपा उसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने हमारी आस्था को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दर्शा दिया है कि उन्हें भगवान राम के नाम से इर्ष्या है जो प्रतिभा सिंह के ब्यान से झलक रही है।
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या प्रतिभा सिंह हमारी देवभूमि हिमाचल को ममता दीदी का बंगाल बनाना चाहती है जहां वो जय श्री राम के नारे का खुलेआम विरोध करती है? उन्होंने कहा कि भाजपा को तो यह अपना दुश्मन मानते थे,पर अब सत्ता की चाहत ने इनको इतना अंधा कर दिया की यह भगवान राम को अपना बैरी मानने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि यह पश्चिम सभ्यता की मानसिकता वाले लोग है जो अपनी पार्टी की सर्वेसर्वा को खुश करने के लिए हमारी भक्ति पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने करोड़ों हिदुओं के आराध्य श्री राम लला का मंदिर बनने से रोका, कई सालों तक इस मामले को फंसाए रखा। हमारी सनातन संस्कृति को कुचलने का काम कांग्रेस कर रही हैं। कांग्रेस के नेता भगवान राम का अपमान करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आखिर हिंदू देवी देवताओं से ही क्यों इतना बैर है? उन्होंने यह भी कहा कि करोड़ों हिदुओं की आस्था का अपमान करने के लिए प्रतिभा सिंह को सार्वजनिक तौर पर अपने कथन के लिए माफी मांगनी चाहिए।
