सोलन : योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में अब लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने शुरू हो चुके है। पहले जहां अस्पतालों में खांसी,जुखाम, बुखार के मामले सामने आ रहे थे तो स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह कहा जा रहा था कि वायरल के मामले जिला में बदलते मौसम के साथ सामने आ रहे हैं , लेकिन अब लगातार कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
बात सोलन जिला की करें तो सोलन जिला में फिलहाल 25 कोरोना संक्रमण के मामले एक्टिव है। जिला के धर्मपुर ब्लॉक में अधिकतर मामले संक्रमण के सामने आए हैं।बदलते मौसम के साथ लगातार खांसी, जुखाम और बुखार के मामले जिला के सभी अस्पतालों में सामने आ रहे हैं । ऐसे में स्वास्थ्य विभाग सोलन भी इसको लेकर पूरी तरह से अलर्ट हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला में कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने के आदेश भी दिए गए हैं और इसके तहत कार्य भी किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर जिला के अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। सोलन में कोरोना संक्रमण के मामलों को बढ़ने का कारण यह भी बताया जा रहा है कि बॉर्डर एरिया से जिस तरह से मजदूर कार्य के लिए आते हैं तो वह अपने घर बाहरी राज्यों में गए हुए थे । ऐसे में वायरल के मामलों से इनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं, फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने कांटेक्ट रेसिंग के निर्देश दिए हैं और कोरोना संक्रमण से ग्रसित लोगों पर विभाग द्वारा नजर रखी जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर सावधानी बरतें लोग
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमित रंजन ने बताया कि जिला में अब धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ना शुरू हो चुके हैं। ऐसे में लोगों से संक्रमण के प्रति सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे लोग जब भी सार्वजनिक स्थानों पर निकले तो मास्क पहनकर निकले और अपने हाथों को बार-बार सेनेटाइज करते रहें।
जिला में कुल 32049 मामले आ चुके है सामने,341 लोगो की हुई है मौत
बता दें कि जिला सोलन में अब तक कोरोना संक्रमण के 32049 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 31683 लोग ठीक हो चुके हैं वहीं जिला में 341 लोगों की मौत भी कोरोना संक्रमण के कारण हुई है,जिला में अभी भी कोरोना संक्रमण के 25 मामले एक्टिव है।
