ब्यूरो, शिमला: विधानसभा का बजट सत्र में भाजपा आक्रामक रहेगी और जिस प्रकार से कल हिमाचल का बजट पेश किया गया हैं, उससे साफ दिखता है कि वह बजट केवल आंकड़ों का मायाजाल हैं। इस बजट में केवल केंद्रीय योजनाओं को हिमाचल में लागू कर प्रदेश सरकार की ओर से इसका श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा हैं। यह बात शनिवार को रिज मैदान पर सैर पर निकले भाजपा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। उनके साथ इस मौके पर विधायक डॉ.जनक राज और डी एस ठाकुर मौजूद रहे।
उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश एक लोक हितकारी राज्य है और जितनी भी जन कल्याणकारी योजनाएं भाजपा की सरकार ने हिमाचल प्रदेश में लागू की थी उसका हिमाचल के बजट में कोई जिक्र ही नहीं हैं। पूर्व सरकार ने गृहणी सुविधा योजना, शगुन योजना, सहारा योजना, हिम केयर योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना शुरू की थी जिसका इस बजट में कोई जिक्र नहीं किया गया हैं।
