मंडी/ -:धर्मवीर-: प्रदेश भाजपा प्रमुख प्रवक्ता व सुंदरनगर विधायक राकेश जंवाल ने पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ की बैठक के दौरान प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है। जंवाल का कहना है कि कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आने के बाद हर वर्ग का विश्वास तोड़ा है। कर्मचारियों और पेशनरों की अदायिगियों को देने में भी यह सरकार पूरी तरह से विफल रही है। कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को लेकर आज बैठक में प्रस्ताव भी पेश किया गया है, ताकि सुक्खू सरकार से इन मांगों को पूरा करवाया जा सके।
बता दें कि जिला के सुंदरनगर में भाजपा पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित बैठक में प्रमुख प्रवक्ता व विधायक राकेश जंवाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस ने 2022 में चुनावों के दौरान कर्मचारियों और पेंशनरों से किए कई वादे अभी तक पूरे नहीं किए हैं। भाजपा कर्मचारियों और पेंशनरों की जायज़ मांगों के समर्थन में मजबूती से खड़ी है और उनकी आवाज़ विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी। वहीं इस मौके पर राकेश जंवाल ने पूर्व कर्मचारियों और प्रकोष्ठ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान करने की भी बात कही। बैठक में बडी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, पूर्व अधिकारी और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कर्मचारी हितों की रक्षा, संगठन को सशक्त बनाने और प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर राज्य सह-संयोजक चेतराम, जिला सह-संयोजक चमन शर्मा, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, जिला सह-संयोजक प्रभु राम, हेम सिंह, शिव सिंह सेन सहित अन्य भी मौजूद रहे।
