मंडी : धर्मवीर – आखिरकार लंबे इंतजार के बाद नगर निगम मंडी द्वारा अपनी वेबसाइट लॉच कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीपाली जसवाल ने वेबसाइट की लॉन्चिंग की। मंडी शहर के लोग किसी भी प्रकार की शिकायत व सुझाव और अन्य जानकारियों इस वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। वहीं इस मौके पर एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें निगम द्वारा उन स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने काम को लगन और ईमानदारी से किया है।
नगर निगम के आयुक्त एच एस राणा ने बताया कि नगर निगम के उन स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिन्होंने अपने कार्य को बेहतर ढंग से किया है और आज तीन स्वच्छता कर्मियों जो कि लोगों के घरों से कूड़ा उठाने का कार्य करते हैं, उन्हें सम्मानित किया गया और मोमेंटो के साथ 500 रुपये की राशि भी प्रदान की गई। एचएस राणा ने बताया कि उन्होंने स्वयं लोगों के घरों में जाकर लोगों से बातचीत की और जिससे पता चला कि यह स्वच्छता कर्मी अपने कार्य को बेहतर ढंग से करते हैं और लोगों के साथ भी इनका मेल मिलाप बहुत अच्छा है। उन्होने कहा कि इनके स्वभाव से सभी स्वच्छता कर्मियों को प्रेरणा लेनी चाहिए तथा अपने अपने कार्य क्षेत्र में इसी प्रकार कार्य करना चाहिए।
निगम के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेयर ने लांच की वेबसाइट
वहीं मेयर दीपाली जसवाल ने बताया कि स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करने के साथ साथ नगर निगम द्वारा अपनी एक वेबसाइट की भी लॉन्चिंग की गई है। जिससे नगर निगम वासियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस वेबसाइट के माध्यम से नगर निगम वासी कोई भी जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं और अपनी समस्याओं को भी नगर निगम तक इस वेबसाइट के माध्यम से पहुंचा सकते हैं।
गौरतलब है कि नगर निगम पिछले कई महीनों से नगर निगम वेबसाइट लांच करने का प्रयास कर रहा था। शुक्रवार को वेबसाइट लांच होने के बाद शहर वासियों का इंतजार खत्म हो गया है। इस वेबसाइट के लॉन्च होने से नगर निगम के दायरे में रहने वाले लोगों को अब अपने कार्य के लिए बार बार नगर निगम के कार्यालय के चक्कर नहीं लगाना पड़ेंगे। घर बैठे एक क्लिक करने पर नगर निगम कार्यालय में अपने कार्य से संबंधित स्टेट्स को जान पाएंगे। राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में भी घर बैठे पता कर सकेंगे। गृह कर अदायगी समेत अन्य किसी भी प्रकार के आवेदन शहरवासी अब आनलाइन कर सकेंगे।
