राहुल चावला, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित बैजनाथ में विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साईट बीड़ बिलिंग में लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर विश्वभर के मानव परिंदे हवा में उड़ते हुए नजर आएंगे। बीड़ बिलिंग में इस वर्ष प्री-विश्व कप का आयोजन होने जा रहा हैं। अप्रैल माह में बीड में पैराग्लाइडिंग प्री-विश्व कप का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन से पैराग्लाडिंग से बैजनाथ क्षेत्र को विश्व में पहचान मिलेगी। पैराग्लाइडिंग प्री-विश्व कप में बैजनाथ में दुनिया भर के पैराग्लाइडर्स आएंगे।
जिला पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विनय धीमान ने कहा कि पैराग्लाइडिंग प्री-विश्व कप का शुभारंभ 5 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली करेंगे। समापन समारोह 9 अप्रैल को होगा। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न स्थानीय कलाकारों की ओर से अपनी स्थानीय संस्कृति को विश्व भर से आए मेहमानों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
इस दौरान एयरो और फ्लॉवर शो का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा की बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व में दूसरे और एशिया में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर से 125 पैराग्लाइडिंग के प्रतिभागी यहां पैराग्लाइडिंग करने के लिए आएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए अब तक 95 पैराग्लाइडिंग के पायलटों ने पंजीकरण करवा दिया हैं।
