Nurpur, Sanjeev-विधानसभा नूरपुर क्षेत्र में आठ से दस पंचायतों को जोड़ने वाला भड़वार-खैरियां संपर्क मार्ग भारी बरसात से हुए भूस्खलन के कारण कई दिनों से बंद पड़ा था। प्रशासन और विभाग ने कई बार जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर मार्ग खोला, लेकिन लगातार बारिश और नए भूस्खलन से रास्ता बार-बार अवरुद्ध हो जाता था।
खैरियां पंचायत में बतालू का कवाल नामक स्थान पर यह समस्या वर्षों से बनी हुई है, जिसका अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। इसी बार-बार की परेशानी और रक्षाबंधन पर बहनों की आवाजाही में होने वाली दिक्कत को देखते हुए पंचायत खैरियां के युवाओं ने खुद मोर्चा संभाला।सुबह-सुबह कुदाल, गैंती और फावड़े लेकर एकजुट हुए युवाओं ने अपनी मेहनत से मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क आसपास की पंचायतों के लिए सबसे नजदीकी मार्ग है। इसके बंद होने से लोगों को 20-25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।लोग अब युवाओं की हिम्मत और सामूहिक भावना की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि सरकार और विभाग जल्द ही इसका स्थायी हल निकालेंगे।
