Chamba, Manjur Pathan-:चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के तीसा में उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय इस समय गंभीर स्टाफ संकट से जूझ रहा है। कार्यालय में कर्मचारियों की कमी के कारण क्षेत्र के बागवानों को अपने कार्य करवाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि फिलहाल पूरे कार्यालय का संचालन एकमात्र कर्मचारी के भरोसे किया जा रहा है, जो डेपुटेशन पर कार्यरत है।
रिक्त पदों को शीघ्र भरने की उठी मांग
जानकारी के अनुसार, कार्यालय में उद्यान विकास अधिकारी सहित कई पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इससे न केवल विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि किसानों और बागवानों की योजनाएं समय पर लागू नहीं हो पा रही हैं। चुराह क्षेत्र की आबादी एक लाख से अधिक है और तीसा में ही एकमात्र उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय स्थित है, जिसके चलते यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और योजनाओं के निपटारे के लिए पहुंचते हैं।
बागवानों का कहना है कि स्टाफ की कमी के कारण फाइलों के निपटारे में देरी हो रही है और तकनीकी मार्गदर्शन समय पर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो रहे हैं।इस संबंध में उद्यान विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रमोद शाह ने बताया कि विभाग के कई कार्यालय वर्तमान में स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा,तीसा का उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय भी उन्हीं में से एक है, जहां स्टाफ लगभग नगण्य है। इस विषय पर हम लगातार सरकार से पत्राचार कर रहे हैं। फिलहाल हमने डेपुटेशन के माध्यम से कार्यालय का कार्य सुचारू रखने का प्रयास किया है। हमें उम्मीद है कि सरकार शीघ्र ही रिक्त पदों को भरने की दिशा में कदम उठाएगी।
