राकेश, ऊना: अंबेडकर ने समरसता, सौहार्द और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया हैं। उन्होंने समाज के पिछड़े वर्गों और गरीबों के कल्याण एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए जीवन भर कार्य किया था। हम सभी को उनके जीवन मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिन देश प्रदेश में ही नही अपितु पूरे विश्व में बाबा साहिब भीम राव अंबेडकर को याद किया जा रहा हैं। यह बात शुक्रवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य पर भदसाली में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही।
उन्होंने कहा कि देश एवं संविधान का होना बहुत जरूरी है, इसी उद्देश्य से आज हम भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष पर यहां एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार 5 बार विधायक बना कर हरोली विधानसभा की जनता ने विधानसभा में पहुंचाया है और हर बार के चुनाव में जीत का आंकड़ा भी बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के साथ साथ पूरे प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना हमारा संकल्प है ताकि यहां के लोगो को हर प्रकार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि फिजूलखर्ची पर रोक लगाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हैं। प्रदेश के लोगों से किए गए वायदों एवं दी जाने वाली गारंटियों के प्रति हम वचनबद्ध है समय रहते सभी वायदों को पूर्ण किया जाएगा जिसके लिए कार्य योजना तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएंगी ताकि आवेदनकर्ताओं का मेरिट के आधार पर चयन हो सके। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में इसी वित्तीय वर्ष में 5000 नौकरियां भरी जाएंगी, इसी तर्ज पर यह आंकड़ा 5 साल में 25000 पहुंचेगा।
