शिमला,संजु चौधरी(TSN)-शिमला के चक्कर स्थित साईं बाबा मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने आधी रात को मंदिर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और करीब एक किलो चांदी का सिंहासन चोरी कर फरार हो गए। यह घटना 3 मार्च की रात लगभग 12:50 बजे की बताई जा रही है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
थाना बालूगंज में मामला दर्ज
शिकायतकर्ता के अनुसार मंदिर में चोरी की यह वारदात 3 मार्च की रात करीब 12:50 बजे हुई। सुबह जब श्रद्धालु और पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पाया।अंदर जाकर देखा तो साईं बाबा के सिंहासन सहित अन्य चांदी के सामान गायब थे।फिलहाल बालूगंज पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है।गौरतलब है कि इस मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी तीन साल पहले इसी मंदिर में चोरी की वारदात हो चुकी है जिसमें चोरों ने मंदिर से चांदी के कुछ अन्य सामान चुरा लिए थे।हालांकि पुलिस ने तब चोरी के सामान को बरामद कर आरोपियों को पकड़ लिया था।
