हमीरपुर,अरविन्द सिंह(TSN)-ग्राम पंचायत पट्टा के अधिकार क्षेत्र में लगाई गई 17 सोलर लाइट्स की बैटरियां चोरी हो गई है।वर्तमान हालात ऐसे हैं कि जो पैदल पथ पहले सोलर लाइट से रोशन हो रहे थे उनमें अब रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सोलर लाइट्स की बैटरियां चुराई जा रही हैं।
ग्राम पंचायत पट्टा में विभिन्न वार्डों में सोलर लाइट्स स्थापित की गई हैं। कुछ समय से लगातार इन लाइट्स की बैटरियां चोरी हो रही हैं।यहां तक की पट्टा बाजार में भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।पंचायत घर के पास तथा पशु औषधालय के पास से भी सोलर लाइट की बैटरियां चोरी हो चुकी हैं।इसके साथ ही अन्य जगहों से भी बैटरियां गायब हैं। पंचायत घर तथा पशु औषधालय की सोलर लाइट सडक़ किनारे स्थित है।चोरों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि यह चोरी करने से जरा भी नहीं कतरा रहे।ग्राम पंचायत पट्टा के उप प्रधान दिनेश सिंह ठाकुर ने बताया कि पंचायत में लगी हुई सोलर लाइट की बैटरीया चोरी हो गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को भी इस बारे में सूचित किया गया है लेकिन कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस को उचित कार्रवाई करनी चाहिए जिसमें पंचायत पूरा साथ देगी।
