मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू: दशहरा पर्यटन सीजन से पहले मनाली की पहाड़ियों पर भारी हिमपात हुआ है। बर्फ से ढके मनाली के पर्यटन स्थल बारालाचा और रोहतांग दर्रा जन्नत का अहसास करवाते हैं। बारालाचा में अभी एक फीट से ज्यादा ताजा बर्फ गिरी है। दशहरा सीजन के लिए पर्यटकों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। दशहरा से पहले मनाली व लाहुल की पहाड़ियां बर्फ से लद गई हैं। इन दिनों आने वाले पर्यटक रोहतांग, बारालाचा व शिंकुला दर्रे में बर्फ के दीदार कर सकते हैं। इन दर्रों में एक फीट से अधिक बर्फ पड़ गई है। बर्फ के दीदार करने के शौकीन सैलानी कुल्लू मनाली की वादियों में आ सकते हैं।
स्नो स्कूटर की राइडिंग का अलग आनंद
अभी दर्रों पर ही बर्फ के दीदार हो रहे हैं। लेकिन नवंबर के बाद दिसंबर और जनवरी में पर्यटन नगरी मनाली भी बर्फ से सफेद हो जाएगी। सोलंगनाला में एडवेंचर गेम्स का आयोजन भी शुरू हो जाएगा। स्नो स्कूटर पर सवार होकर बर्फ में राइडिंग का अलग ही आनंद है।
