अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे टिकट पाने की चाह रखने वाले उम्मीदवार भी खुलकर सामने आने लगे है। भले ही अभी कांग्रेस और भाजपा पार्टी की ओर से अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई है, लेकिन टिकट के कई दावेदार है जो सूची जारी होने से पहले ही अपनी दावेदारी जता रहे है। वहीं बात की जाए अगर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की तो इस क्षेत्र से भाजपा की महिला नेत्री ने भी टिकट की दावेदारी जताई है। विधानसभा चुनाव को लेकर इस सीट से पहली महिला इच्छुक उम्मीदवार ने भी टिकट पाने को लेकर अपनी दावेदारी केंद्रीय नेताओं के पास ठोक दी है।
भाजपा नेत्री और दडही पंचायत में पिछले कई सालों से लगातार पंचायत प्रधान चल रही राजनीति शास्त्र में एमए उषा बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त करते हुए अपने बायोडाटा के साथ आवेदन पत्र भेजा है। हमीरपुर सीट से इस बार अब तक किसी भी महिला ने चुनाव लड़ने को लेकर दावेदारी नहीं की थी। उषा बिरला ऐसा करने वाली पहली महिला नेत्री बन गई है।
आला नेताओं को बताया पार्टी में अपना सफर और उपलब्धियां उषा बिरला ने जो पत्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा को भेजा है उसमें उन्होंने पार्टी में पिछले कई दशकों से दी जा रही अपनी सेवाओं का जहां जिक्र किया है। वहीं अलग-अलग पदों पर रहते हुए अपनी उपलब्धियां भी बताई है। इसका बकायदा एक पूरा विस्तृत बायोडाटा तैयार करके इन आला नेताओं को भेजा गया है।
उषा बिरला ने कहा है कि भाजपा हमेशा से ही महिलाओं को आगे लाने के लिए प्रयत्नशील रही है और उन्हें मौका दिया जाता रहा है। लिहाजा इस बार हमीरपुर सीट से उन्हें भी बतौर महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ने का मौका दिया जाए। उषा बिरला इस समय हमीरपुर जिला में मन की बात कार्यक्रम की संयोजक भी है। वह जिला भाजपा ने उपाध्यक्ष पद पर भी है। अपनी पंचायत को अव्वल दर्जे पर ले जाकर कई बड़े अवार्ड भी हासिल कर चुकी है, जिसमें उन्हें पंचायत शक्तिकरण अवार्ड का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा कई राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय अवार्ड भी उनके कार्यकाल में बेहतर काम को लेकर उनकी पंचायत को मिले है। उन्हें पिछले 25 सालों का पंचायती संस्थानों में काम करने का लंबा अनुभव भी है।
