Mandi, Dharamveer -:शहर की सुंदरता को बनाए रखने के लिए नगर निगम मंडी अब खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा। शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान निगम मेयर वीरेंद्र भट्ट ने पाया कि मुख्य बाजार के समीप भगवाहन मोहल्ला और आसपास के इलाकों में कुछ लोग खुले में कचरा फेंककर शहर को गंदा कर रहे हैं।
मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था के बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं। शिकायतों के अनुसार, अधिकतर मामलों में किराएदार इस तरह की हरकतों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसे लोगों की पहचान सीसीटीवी कैमरों की मदद से की जाएगी और नियमों के तहत उनसे ₹5 हजार तक का जुर्माना वसूला जाएगा।मेयर ने निगम अधिकारियों को शहर की नालियों की सफाई कार्य भी तेज करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर मिट्टी और गाद के कारण नालियां बंद हो गई हैं, जिन्हें जल्द दुरुस्त किया जाएगा।इस मौके पर मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि वे खुले में कचरा न फेंकें और स्वच्छता कर्मियों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देकर शहर की स्वच्छता में सहयोग करें।
