बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)- ग्राम पंचायत कोठीपुरा के तहत गांव चंगर पलासनी की एक ही गांव की तीन बेटियां नर्सिंग ऑफिसर बनी है। अब यह तीनों होनहार बेटियां एम्स में अपनी सेवाएं देंगी। सुमन शर्मा एम्स दिल्ली, स्वाति शर्मा एम्स पटना बिहार व परीक्षा शर्मा एम्स ऋषिकेश उत्तराखंड में अपनी सेवाएं बतौर नर्सिंग ऑफिसर देंगी। इन बेटियों का चयन होने पर गांव में सादे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बेटियों के अभिभावको के अलावा अन्य स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान परिजनों के अलावा सभी लोगों ने इन होनहार बेटियों का मुंह मीठा करवाया और बधाई दी।
इन तीनों बेटियों का कहना है कि काफी बार टेस्ट दिए और कम अंकों से रहती आई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी पढ़ाई को सुचारू रुप से चलाए रखा । कड़ी मेहनत से नर्सिंग की परीक्षा को उत्तीर्ण कर लिया,तीनों बेटियों के चयन होने पर पूरे इलाके में खुशी की लहर है । उधर ग्राम पंचायत कोठीपुरा के पूर्व प्रधान नंदलाल ठाकुर का कहना है कि गांव की तीन होनहार बेटियों ने एम्स में नर्सिंग ऑफिसर बनाकर गांव का नाम चमकाया है। जिसके लिए तीनों बेटियां बधाई की पात्र हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग पद पर इन बेटियों का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भी इन बेटियों से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपना लक्ष्य पूरा करने को लेकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए ताकि वह भी अपने परिजनों क्षेत्र का नाम ऊंचा कर सके।
