Mandi, Dharamveer-:चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने सोमवार को मंडी से अपनी 200 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप स्कीम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के चांसलर के सलाहकार प्रोफेसर डॉ. आर.एस. बावा ने इस महत्वाकांक्षी योजना की औपचारिक घोषणा की।
डॉ. बावा ने बताया कि यह स्कॉलरशिप स्कीम चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली कैंपस में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए लागू होगी। इसके तहत छात्र-छात्राओं को सीयूसीईटी (CUCET) नामक ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। यह स्कॉलरशिप पूरे अकादमिक सत्र के लिए मान्य होगी। वहीं 40 प्रतिशत से 90 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त करने वालों को उनके अंकों के अनुपात में 10 से 90 प्रतिशत तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी।
डॉ. बावा ने कहा कि विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप जारी रखने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अनुशासन और अध्ययन संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा आर्म्ड फोर्सेस, पैरा मिलिट्री, सिंगल गर्ल चाइल्ड, सिबलिंग (भाई-बहन) और खिलाड़ियों के लिए भी विशेष स्कॉलरशिप का प्रावधान किया गया है। हालांकि, एक छात्र केवल एक ही श्रेणी की स्कॉलरशिप प्राप्त कर सकेगा।स्कॉलरशिप परीक्षा का पहला चरण 31 मई 2026 तक जारी रहेगा, जबकि दूसरे चरण की जानकारी बाद में साझा की जाएगी।आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।अभ्यर्थी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और घर बैठे ही परीक्षा दे सकते हैं। परीक्षा के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कंप्यूटर पर कैमरा अनिवार्य होगा, ताकि परीक्षा की निगरानी की जा सके। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनुचित आचरण की स्थिति में अभ्यर्थी को तुरंत निलंबित कर दिया जाएगा।यह स्कॉलरशिप योजना उन छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर है जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं।
