राकेश,ऊना: ऊना की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला में शिक्षक दिवस के अवसर पर वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को हिमाचल वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने पुरस्कार देकर सम्मनित किया। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया । इस दौरान सत्ती ने अध्यापकों और बच्चों संग डाली हिमाचल नाटी।
इस अवसर पर सतपाल सत्ती ने कहा कि शिक्षक दिवस भारत के पहले उप राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। गुरु का स्थान माता-पिता, भगवान सबसे ऊपर है। हमें जन्म माता-पिता से मिलता है लेकिन हमें जीवन में जीने की शिक्षा, कामयाब बनने की शिक्षा सिर्फ गुरु देता है। सही मायने में शिक्षक सिर्फ वही व्यक्ति नहीं है जो हमें स्कूल, कॉलेजों में पढ़ाए, अपितु शिक्षक वो भी है जो जीवनपर्यन्त किसी न किसी रूप में हमें जीवन जीने की कला सिखाता है।
सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से राज्य में शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ किया गया है, जिसमें पाठशालाओं को स्तरोन्नत करना, पाठशालाओं में बच्चों को डिजिटल मोड से शिक्षा प्रदान करना और पाठशालाओं में शिक्षा से संबंधित प्रत्येक सुविधा बच्चों को उपलब्ध करवाने जैसे कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बहडाला स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रीय, राज्य, जिला व खंड स्तर पर अनेकों प्रकार की खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खेलों से बच्चों का न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने बताया कि बहडाला स्कूल के पांच खिलाड़ियों ने योगा ओर जुडो प्रतियोगिता में चार खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
अत्या पाटया में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान तथा वुशु खेलकूद प्रतियोगिता में दो गोल्ड, चार सिल्वर व पांच ब्रोंज मेडल हासिल कर जिला के साथ-साथ बहडाला स्कूल का नाम रोशन किया है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर स्कूली बच्चों ने गुलमर्ग कश्मीर में आयोजित हुए शीतकालीन खेलों में चार खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीते है। उन्होंने बताया कि बहडाला स्कूल के दो बच्चों ने पुडुचेरी में आयोजित अत्य पाटया राष्ट्रीय प्रतियोगिता और कर्नाटक के मेंगलुरू में आयोजित हुई बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया है।
