राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से मौसम साफ होने के बाद पर्यटक अब धीरे-धीरे सुरक्षित अपने स्थानों की ओर निकलना शुरू हो चुके हैं । कुल्लू,मनाली, मंडी और हिमाचल के अन्य स्थानों पर फंसे पर्यटक विभिन्न रूट्स के माध्यम से सुरक्षित निकल कर अपने गंतव्य स्थानों की ओर जाने का प्रयास कर रहे हैं । इसी कड़ी में कुछ पर्यटक हिमाचल प्रदेश के ऊना के रेलवे स्टेशन पर भी पहुंचे, लेकिन ऑनलाइन टिकट बुकिंग कंफर्मेशन के बावजूद उन्हें यहां पहुंचकर निराशा हाथ लगी।
पिछली 9 तारीख से सभी ट्रेन सेवा यहां से रद्द की जा चुकी है , जो अभी तक चालू नहीं हुई हैं। यही कारण है कि पर्यटकों को अपने-अपने गंतव्य स्थानों तक ट्रेन सेवा की ऑनलाइन कंफर्मेशन के बावजूद गाड़ी नहीं मिली और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पर्यटकों के अनुसार उनकी ऑनलाइन टिकट बुकिंग कंफर्मेशन के साथ-साथ उनका कोच चार्ट भी ऑनलाइन शो हो रहा है , लेकिन रेलवे स्टेशन पहुंचकर उन्हें यहां से रेलवे के सभी रूट रद्द होने का पता चल रहा हैं।
पर्यटकों ने भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण रेलवे की परेशानी को तो समझा लेकिन डिजिटल दौर में ऑनलाइन बुकिंग कंफर्मेशन किए जाने और कोच चार्ट कंफर्म शो होने के कारण उन्हें रेलवे से शिकायत भी हैं। पर्यटकों ने रेलवे विभाग से आज के आधुनिक डिजिटल युग में इस व्यवस्था को भी सुधारने का अनुरोध किया और ट्रेन सेवा रद्द होने के बाद ऑनलाइन टिकट बुकिंग को भी रद्द दिखाए जाने और चार्ट कैंसिल दिखाए जाने की जरूरत पर काम करने को कहा।
हिमाचल प्रदेश का ऊना जिला एकमात्र ऐसा स्टेशन है जो ब्रॉड गेज रेल सेवा से जुड़ा हुआ हैं। जहां से देश की राजधानी दिल्ली के साथ-साथ जयपुर,कोलकाता नांदेड़,महाराष्ट्र और साबरमती, अहमदाबाद जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को ट्रेन सेवा सीधी चलती हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में हिमाचल आने वाले पर्यटक यहां से आने जाने के लिए अपनी ट्रेन की बुकिंग करवाते हैं ।
