मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला में फोरलेन यातायात का पुलिस थाना बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बैहना में खोला जाएगा। आज हिमाचल प्रदेश पुलिस की कार्यकारी डीजीपी एवं एडीजीपी विजिलेंस और सीआईडी सतवंत अटवाल त्रिवेदी ने बैहना में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया और इसकी पूरी जानकारी संबंधित अधिकारियों से हासिल की। इसके बाद उन्होंने नाचन विधानसभा क्षेत्र के धनोटू में खुले नए थाने के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण किया।
राज्य सरकार फोरलेन पर खोलने जा रही है तीन यातायात पुलिस थाने
बता दें कि हिमाचल सरकार ने किरतपुर-मनाली फोरलेन पर 3 नए यातायात-पर्यटक पुलिस थाने खोलने का निर्णय लिया है। ये थाने बिलासपुर, मंडी और कुल्लू जिले में खोले जा रहे हैं। कीरतपुर से मनाली तक लगभग 191 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का लगभग 182 किलोमीटर भाग प्रदेश के तीन जिलों बिलासपुर, मंडी और कुल्लू से होकर गुजरेगा। वहीं, इन पुलिस थानों में स्थापित कंट्रोल रूम से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम कंट्रोल द्वारा संचालित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने को लेकर यह फैसला लिया गया है।
एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने दी जानकारी
एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि मंडी जिले के अंतर्गत फोरलेन पर बनने जा रहे यातायात-पर्यटक पुलिस थाने को लेकर कार्यकारी डीजीपी सतवंत अटवाल त्रिवेदी द्वारा बल्ह क्षेत्र के गांव बैहना में प्रस्तावित भूमि का निरिक्षण किया गया। फोरलेन पर ट्रैफिक शुरू होने से पहले ही जिले के तहत पुलिस थाने का निर्माण किया जाएगा। इस पुलिस थाना के तहत फोरलेन पर सफर करने वाले पर्यटकों और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में कार्य किया जाएगा। सौम्या सांबशिवन ने कहा कि फोरलेन पर सफर करने वाले लोगों को एनएचएआई द्वारा विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड्स लगाकर सुरक्षित यात्रा को लेकर जागरूक किया गया है।इस मौके पर एडीजीपी अभिषेक त्रिवेदी, डीआईजी सेंट्रल जोन मधूसूदन, एएसपी मंडी सागर चंद्र, प्रोबेशनर आईपीएस अमित यादव और डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
