ऊना, राकेश -:ऊना जिले के हरोली क्षेत्र के बाथड़ी में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मिट्टी से भरा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा और वहां बने मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसा क्रशर से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुआ।
टिप्पर के नीचे गिरने से करीब तीन मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय मकानों के अंदर मौजूद मां और बेटी मलबे के नीचे दब गईं। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबा हटाने का प्रयास किया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टिप्पर में मिट्टी भरी हुई थी और वह क्रशर क्षेत्र से होकर गुजर रहा था। हादसे में आसपास के तीन मकानों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के कारणों और टिप्पर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

