Solan,27 April(TSN)-कंडाघाट थाना क्षेत्र के आंगनबाड़ी मोड़ के पास शनिवार दोपहर एक भयावह सड़क हादसा पेश आया। तेज गति से आ रहे टिप्पर (HP51A-1172)के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया,जिसके चलते टिप्पर अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।दुर्घटना के प्रभाव से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई पुरुष,महिलाएं तथा बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में एक मासूम बच्चा मौके पर ही झाड़ियों में मृत पाया गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को प्राथमिक उपचार हेतु नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा।पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और चालक प्रकाश पुत्र कृष्ण के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। जिला पुलिस अधीक्षक सोलन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और तेज गति सामने आया है।पुलिस ने बताया कि चालक से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
