कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा -:मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा क्लब हाउस के समीप उस समय हुआ जब एक जिम्नी वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट गहरे मनालसु नाले में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार काले रंग की जिम्नी (एचपी-26ए-0011) वशिष्ठ से मनाली की ओर आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वाहन सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे में चालक रोहित कुमार (32), निवासी जिला मंडी तथा करूण बौद्ध (35), निवासी बजौरा, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं विवेक (30), नरेश कुमार (28) और उर्मिला (22) घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना मनाली में एफआईआर संख्या 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही और वाहन पर नियंत्रण खोना माना गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जिला पुलिस कुल्लू ने वाहन चालकों से विशेषकर पर्वतीय एवं घुमावदार सड़कों पर सतर्कता बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
