सोलन : योगेश शर्मा- जिला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अब लोगों के कुष्ठ रोग की जांच होगी। इसी के साथ इसी स्तर पर लोगों का उपचार भी हो सकेगा। इसके लिए जिला में चिकित्सकों को कुष्ठ रोग के लक्षणों के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। कुष्ठ रोग उन्मूलन के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है और रोगियों की पहचान करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में चिकित्सों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से कुष्ठ रोग के लक्षणों के बारे में जानकारी दी जा रही है। वहीं जिला स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी से संबंधित लक्षणों के आने पर जांच की सलाह दी है। डॉक्टरों के बाद नर्स और मल्टी पर्पस वर्कर को अस्पताल में इसको लेकर ट्रेनिंग दी जा रही है।
जिले में 14 फरवरी तक चलेगा स्पर्श लैप्रेसी अभियान
जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य विभाग सोलन डॉ अजय सिंह ने बताया कि विश्व कुष्ठ रोग दिवस पर जिला स्तरीय चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिसमें 10 चिकित्सकों को ट्रेनिंग दी गई है,उन्होंने बताया कि स्पर्श लैप्रेसी अभियान की शुरुआत जिला में की गई है जो 14 फरवरी तक चलेगा। लोगों को अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कुष्ठ रोग जांच की सुविधा मिलेगी। जिससे पीडि़त मरीजों का जल्द इलाज भी शुरू हो सकेगा। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों नर्स के बाद मल्टी पर्पस वर्करों को इसके लिए ट्रेनिंग दी जा रही है इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी ट्रेनिंग दी जाएगी।
गौर रहे कि जिला में अभी भी 20-25 लोगों का कुष्ठ रोग का इलाज चला हुआ है। वहीं कई लोग उपचार के बाद ठीक भी हो रहे हैं। प्राथमिक स्तर पर ही कुष्ठ रोग का पता चलने से लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। वहीं अब जिला स्वास्थ्य विभाग ने कुष्ठ रोग से पीडि़त मरीजों की पहचान करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। जिसमें गांव और शहरों में बोर्ड लगाए जाएंगे और लोगों को कुष्ठ रोग लक्षणों के बारे में बताया जाएगा।
