मंडी: हिमाचल के मंडी जिले में बारिश के बाद भूस्खलन और सड़कों के धंसने का सिलसिला जारी है। यहां चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर जोगनी माता मंदिर के पास गाड़ी पर पहाड़ की चट्टान आ गिरी। चट्टान सीधे एक कार पर गिरी। गाड़ी में तीन लोग सवार थे, इनमें से एक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए। मृतक की पहचान रवि कुमार निवासी सरकारघाट के तौर पर हुई है, वहीं घायलों की पहचान धर्मेंद्र और रमेश कुमार के तौर पर हुई है।
गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। हादसे के बाद पुलिस की टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से निकाला और एंबुलेंस से जोनल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए आवाजाही भी पूरी तरह से बाधित हो गई। सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मशीनों की मदद से सड़क का रास्ता एक तरफ से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
