Nahan, Satish Sharma-:पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर सिरमौर जिले में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय नाहन में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दीप कमल कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्य रूप से शिरकत की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल एक सफल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि कुशल राजनीतिज्ञ, संवेदनशील लेखक और प्रखर वक्ता भी थे। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा पकड़ी और भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त पहचान मिली।सांसद ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल में शुरू की गई कई योजनाएं आज भी देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और सर्व शिक्षा अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिला है। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सैकड़ों सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सका है।उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी की कार्यशैली ऐसी थी कि उनके विचारों और निर्णयों से पक्ष के साथ-साथ विपक्ष भी प्रभावित रहता था। देश को परमाणु शक्ति के रूप में सशक्त बनाना उनकी दूरदर्शी सोच का प्रमाण है।इसके अलावा सांसद सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि यह खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने में सहायक साबित हो रही हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही हैं।
Chandrika
