Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा आगामी 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करना तथा समाज में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है। ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने मीडिया को जारी बयान में इसकी जानकारी दी।
अभिषेक राणा ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट हर वर्ष सेना दिवस को सम्मानपूर्वक मनाता आ रहा है। इस वर्ष का आयोजन कई मायनों में खास होने जा रहा है, जिसमें इतिहास और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में महान योद्धा महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति से आयोजन को ऐतिहासिक गौरव मिलेगा और युवा पीढ़ी को वीरता व राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर को भी औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है।राणा ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से अनेक गणमान्य लोग शामिल होंगे और हजारों की संख्या में आम नागरिकों की भागीदारी की उम्मीद है। आयोजन का मुख्य आकर्षण एक भव्य परेड होगी, जिसमें ऊंटों और घोड़ों की पारंपरिक परेड प्रस्तुत की जाएगी। यह परेड भारतीय सैन्य परंपराओं, अनुशासन और वीरता की जीवंत झलक पेश करेगी।
TAGGED:
Hamirpur Sarva Kalyankari Trust
Chandrika
