सोलन-: कुनिहार के कोठी चौक के समीप खड़ी दो मोटरसाइकिलों में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना में दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वाहन मालिक ने अज्ञात व्यक्ति पर जानबूझकर आग लगाने का संदेह जताया है।पुलिस को दी शिकायत में तहूर खान निवासी गांव मुहनागर, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी पिपलुघाट ने बताया कि वह काम के सिलसिले में कुनिहार आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल कमरे के बाहर खड़ी की थी। उसी स्थान पर एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल भी खड़ी थी।
शिकायत के अनुसार, घटना के समय तहूर खान अपने दोस्त नदीम खान के कमरे में मौजूद था। इसी दौरान एक परिचित व्यक्ति ने उसे दोनों मोटरसाइकिलों में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुंचाने की नीयत से दोनों मोटरसाइकिलों में जानबूझकर आग लगाई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों मोटरसाइकिलों को जली हुई अवस्था में पाया।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में बीएनएस की धारा 326(एफ) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आग लगने के कारणों और घटना में किसी व्यक्ति की संलिप्तता की जांच कर रही है।
