Summer express/कसौली-;प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद कसौली क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने गढ़खल चौक से सनावर गांव तक अभियान चलाकर सड़क और नालियों के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया।अभियान में प्रशासन के साथ राजस्व विभाग, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीमें भी शामिल रहीं। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लंबे समय से रखे गए विभिन्न प्रकार के सामान और अन्य अवरोधों को हटाया गया। जब्त सामान को लोक निर्माण विभाग के टिप्पर में लादकर मौके से हटाया गया।
गढ़खल चौक कसौली क्षेत्र का प्रमुख जंक्शन माना जाता है, जहां पांच दिशाओं से सड़कें आकर मिलती हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय वाहन और पर्यटक गुजरते हैं। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण कई बार यातायात बाधित होने और जाम की स्थिति बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क को सुचारु रखने के साथ-साथ पैदल राहगीरों के लिए भी पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करना है।एसडीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क की भूमि और नालियों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से गढ़खल से किम्मूघाट सहित क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी निरीक्षण और कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को चेतावनी दी है कि कार्रवाई के बाद दोबारा सड़क या नालियों पर सामान रखकर अतिक्रमण न किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त बनाए रखने के लिए अभियान को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।
