चिंतपूर्णी,विकास-: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को कथित तौर पर 3.07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना मोईन की टीम क्षेत्र में गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार को रोककर उसमें सवार युवकों की जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके कब्जे से 3.07 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार निवासी गली नंबर-3, गुरदीप नगर, जगराओं, जिला लुधियाना और कमलप्रीत सिंह निवासी वार्ड नंबर-2, जगराओं, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस थाना मोईन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आरोपी कथित तौर पर हेरोइन कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसी व्यक्ति तक पहुंचाने की योजना थी या नहीं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
