Summer express/ऊना, राकेश-: जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ऊना ने रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस नाके स्थापित कर वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा सभी प्रमुख नाकों पर पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गई है। खास बात यह है कि राजपत्रित पुलिस अधिकारी (GOs) स्वयं नाकों पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे हैं।अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त और नाकों का निरीक्षण कर पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।रात्रि चेकिंग के दौरान आने-जाने वाले वाहनों के दस्तावेजों की जांच, संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े अन्य पहलुओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य जिले में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के साथ नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस 24 घंटे सतर्क है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नाकाबंदी के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ सहयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
