सोलन : योगेश शर्मा- वीरवार देर शाम शहर के शमलेच में टैंकर के पलट जाने का मामला सामने आया है । जिसकी चपेट में एक क्रेटा गाड़ी आई है और उसमें सवार व्यक्ति को चोट आई है ।
जानकारी के अनुसार जैसे ही टैंकर गाड़ी के ऊपर पलटा तो गाड़ी में सवार व्यक्ति उसमें फंस गया, जिसे 2 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षित निकाला गया है। हालांकि व्यक्ति को चोटें आई है,जिसका इलाज क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में चल रहा है।वीरवार देर शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शहर के शमलेच में टनल के नजदीक एक टैंकर गाड़ी के ऊपर पलट गया है ।सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड, होमगार्ड जवान और स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया । टैंकर के गाड़ी पर पलटा होने के कारण व्यक्ति को गाड़ी से निकालने के लिए कड़ी मशक्कत का सामना प्रशासन को करना पड़ा,इस दौरान जेसीबी और हाइड्रा की मदद से टैंकर के नीचे से गाड़ी को निकाला गया ।
एएसपी सोलन योगश रोलटा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करीब 6:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक टैंकर शहर के शमलेच में टनल के नजदीक गाड़ी पर पलट गया है ।जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू किया और जो लोग वहां पर मौजूद थे उनकी मदद से ट्रक के नीचे से गाड़ी को निकाला गया।उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार व्यक्ति चंडीगढ़ का रहने वाला है और उसका नाम गुरजिंदर सिंह है जिसका इलाज क्षेत्रीय अस्पताल में करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस टैंकर चालक की जांच कर रही है और आगामी कार्रवाई की जाएगी ।
