ऊना, राकेश- :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत ऊना में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से क्षेत्रीय अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रजत राणा की अगुवाई में आयोजित शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और करीब 100 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रजत राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं की बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। स्टार्टअप सहित विभिन्न माध्यमों से युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों से युवा प्रेरित हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सम्मान स्वरूप युवा मोर्चा ने रक्तदान को सेवा के रूप में चुना।उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से युवा मोर्चा ने रक्तदान को सेवा संकल्प के तौर पर लिया। उन्होंने बताया कि जिला ऊना में ऊना शहर के अलावा गगरेट में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जहां युवा मोर्चा के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।शिविर में भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व प्रवक्ता राम कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी पहुंचे और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। शिविर के समापन पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।रजत राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश उनके नेतृत्व में निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, यही युवाओं की मंगलकामना है।

